यूपी के अमेठी जिले में इंसान और सारस की मित्रता की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर होने लगी है। इस अनूठी दोस्ती की कहानी सुन हर कोई चकित है। अमेठी दौरे पर आए यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी युवक और सारस की दोस्ती को देखने से खुद को नहीं रोक पाए। उन्होंने दोनों से मिलने की इच्छा व्यक्त की, फिर वह उसके गांव की ओर निकल पड़े।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि आरिफ और सारस की मित्रता अपने आप में अद्भुत कहानी है। अन्य लोगों को इससे सीख लेनी चाहिए। सबसे पहले आरिफ को शुभकामनाएं दूंगा और शुभकामनाएं इसलिए कि एक सारस पक्षी जो चोटिल थी उसको उन्होंने बचाने का काम किया। इनके व्यवहार को समझ कर सारस पक्षी इनके दोस्त बन गए। हम जितने लोग यहां मौजूद हैं, हम सबके अंदर जीव है। परंतु वह सारस किसी का दोस्त नहीं बन सका। वह दोस्त केवल आरिफ का बना, क्योंकि आरिफ ने जो किया, शायद उसे देखकर आरिफ का दोस्त बन गया।
बता दें कि पिछले वर्ष मार्च महीने में आरिफ और सारस पक्षी की मित्रता की शुरुआत हुई थी। उस दौरान आरिफ गांव में अपने खेतों में गए हुए थे। उन्होंने वहां सारस पक्षी को गंभीर अवस्था में देखा था। करीब जाने पर मालूम हुआ कि सारस का पैर टूटा हुआ है और वह चोटिल है। इसके बाद, आरिफ ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सारस को उठाकर अपने घर ले जाए। घर पर ही उन्होंने मरहम पट्टी की।
बेहतर उपचार मिलने के बाद सारस पूरी तरह ठीक हो गया और यहीं से आरिफ और सारस की खूबसूरत दोस्त की शुरुआत हुई। अब आरिफ जहां जाते हैं सारस उनके पीछे चला जाता है। सारस अपना भोजन भी आरिफ के साथ खाता है। दोनों की मित्रता जय-वीरू जैसी हो गई है। सोशल मीडिया पर आरिफ और सारस की मित्रता को खूब स्नेह मिल रहा है।